शरद पवार की तबीयत फिर बिगड़ी, पुणे के अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों से साझा किया अपडेट
Sharad Pawar Health News

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के संस्थापक शरद पवार की तबीयत एक बार फिर से बिगड़ी है। उन्हें डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद पुणे के प्राइवेट क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। जहां पर डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है। पवार कुछ दिनों पहले ही अस्पताल से डिस्चार्ज हुए थे।
पुणे: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के संस्थापक शरद पवार की तबीयत एक बार फिर बिगड़ी है। उन्हें डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद पुणे के रुबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। इससे पहले शरद पवार की तबीयत अजित पवार की तेहरवीं के दिन खराब हुई थी, उसके बाद वह पांच दिन तक पुणे में एडमिट रहे थे। 85 साल के शरद पवार अभी राज्यसभा के सदस्य हैं। उनका कार्यकाल 2 अप्रैल को खत्म हो रहा है। रूबी हॉल क्लिनिक के एक बयान के मुताबिक शरद पवार की हालत अभी स्थिर है। वे मेडिकल देखरेख में हैं। बयान में बताया गया है कि शरद पवार को उनके इलाज के लिए इंट्रावीनस फ्लूइड दिए जा रहे हैं और उम्मीद है कि वे अगले दो दिनों तक हॉस्पिटल में रहेंगे।
कैसी है शरद पवार की तबीयत?
हॉस्पिटल के चीफ कार्डियोलॉजिस्ट और चेयरमैन और मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. पुरवेज ग्रांट ने कहा कि पवार की हालत गंभीर नहीं है। थोड़े समय की निगरानी के बाद उन्हें छुट्टी मिल सकती है। उनका इलाज डॉ. ग्रांट के साथ कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. अभिजीत लोढ़ा देख रहे हैं। पवार को इससे पहले 9 फरवरी को सीने में इन्फेक्शन की वजह से हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था और ठीक होने के बाद 14 फरवरी को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।
राज्यसभा जाने पर है सस्पेंस
तब उनकी बेटी सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर बाबा (शरद पवार) के स्वास्थ्य की जानकारी साझा की थी। शरद पवार की तबीयत दूसरी बार ऐसे वक्त पर बिगड़ी है जब महाराष्ट्र में उनके फिर से राज्यसभा जाने को लेकर चर्चा जारी है। करीबी सूत्रों ने दावा किया है कि पवार शायद अब अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे, तो वहीं दूसरी राष्ट्रवादी कांग्रेस पाटी (एनसीपी) से पार्थ पवार की उम्मीदवारी तय मानी जा रही है।




