अमित शाह से की है CBI से जांच कराने की मांग, अजित पवार के विमान हादसे के पीछे की आशंका पर बोले CM फडणवीस
उनके परिजनों की ओर से पिछले महीने हुए विमान हादसे की जांच की मांग की जा रही है

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि DGCA, VSR कंपनी का ऑडिट कर रहा है और उसकी सभी लॉगबुक चेक की जा रही हैं. उन्होंने यह भी कहा, “हमें जांच रिपोर्ट का इंतजार करना होगा और किसी तरह की कयासबाजी से बचना होगा.”
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ हुए विमान हादसे को लेकर लगातार साजिश की आशंका जताई जा रही है. उनके परिजनों की ओर से पिछले महीने हुए विमान हादसे की जांच की मांग की जा रही है. अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने गृह मंत्री अमित शाह से विमान हादसे की CBI से जांच कराने का आदेश देने का अनुरोध किया है. इस हादसे में DyCM अजित समेत 5 लोगों की मौत हो गई थी.
सीएम फडणवीस ने महाराष्ट्र विधानसभा के बजट सत्र से एक दिन पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “राज्य में सत्तारुढ़ महायुति सरकार यह पक्का करेगी कि विमान हादसे के बारे में सभी शक दूर हो जाएं.” उन्होंने कल रविवार को कहा, “मुझे NCP (BJP की सहयोगी) की ओर से पत्र मिला है जिसमें विमान हादसे की CBI से जांच कराने की मांग की गई है और मैंने गृह मंत्री अमित शाह से बात की है. DGCA और राज्य CID की जांच के साथ-साथ CBI भी जांच करेगी.”



